मालगांव में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

अल्मोड़ा, 30 अगस्त 2026 : हवालबाग ब्लॉक के मालगांव और दुगालखोला क्षेत्र में लंबे समय से ग्रामीणों के लिए दहशत का पर्याय बना गुलदार रविवार सुबह वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार अब तक कई कुत्तों और बकरियों को अपना निवाला बना चुका था। उसके पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
नगर से सटे मालगांव और दुगालखोला क्षेत्र में पिछले काफी समय से गुलदार की लगातार आवाजाही बनी हुई थी। शाम होते ही ग्रामीणों में दहशत फैल जाती थी और अंधेरा होने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से भी बचते थे। गुलदार के बढ़ते आतंक को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की थी।
ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने करीब एक सप्ताह पहले मालगांव और दुगालखोला के बीच पिंजरा लगाया था। रविवार सुबह गुलदार उसमें फंस गया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मोबाइल से गुलदार के फोटो और वीडियो बनाए और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित पिंजरे से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे वाहन से अल्मोड़ा स्थित रेस्क्यू सेंटर लाया गया। वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गुलदार के स्वस्थ पाए जाने पर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने का निर्णय लिया जा सकता है।
