
उत्तरकाशी में गंगनानी के पास भागीरथी नदी में गिरी इनोवा कार, चार लोगों की मौत, एक घायल और दो लापता
उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम जाते समय हुआ हादसा, हादसे के समय कार में सात लोग थे सवार, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटीं, लापता लोगों की तलाश को जल पुलिस व गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
देहरादून, 05 नवंबर 2026: उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबराणी के पास गुरुवार सुबह एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। एक युवक गम्भीर रूप से घायल है, जिसे भटवाड़ी में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके अलावा दो लोग लापता हैं। उनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। कार में कुल सात लोग सवार थे। सभी यात्री गुजरात के साबरमती क्षेत्र के निवासी हैं और उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:21 बजे गंगनानी के पास गंगोत्री जा रही कार के नदी में गिरने की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मनेरा से एनडीआरएफ के 27 सदस्यीय दल को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। हादसे के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोर नदी के तेज बहाव में सर्च अभियान चला रहे हैं।
आपदा कंट्रोल रूम और पुलिस की ओर से सभी यात्रियों के नाम, पते और पहचान की पुष्टि करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की जा रही है। आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि रेस्क्यू के दौरान किसी घायल के मिलने पर उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
हादसे में मृतक
-
अशोक भाई पटेल (49 वर्ष), निवासी शिवालिक रेजिडेंसी, ललिता चौकड़ी, कतारगाम, सूरत (गुजरात)
-
रुतिका अशोक भाई पटेल (19 वर्ष), निवासी शिवालिक रेजिडेंसी, ललिता चौकड़ी, कतारगाम, सूरत (गुजरात)
-
घनश्याम भाई सरवालिया (32 वर्ष), निवासी गुजरात
-
सुरेन्द्र सिंह, निवासी हरिद्वार (वाहन चालक)
गंभीर घायल
-
वेदांत अशोक भाई पटेल (17 वर्ष), निवासी शिवालिक रेजिडेंसी, ललिता चौकड़ी, कतारगाम, सूरत (गुजरात)
लापता
-
सुदा बेन अशोकभाई पटेल (45 वर्ष), निवासी शिवालिक रेजिडेंसी, ललिता चौकड़ी, कतारगाम, सूरत (गुजरात)
-
किरन बेन विशाल भाई पटेल (34 वर्ष), निवासी शिवालिक रेजिडेंसी, ललिता चौकड़ी, कतारगाम, सूरत (गुजरात)





