नाबालिग को होटल में ले जाकर दुष्कर्म का मामला…उत्तराखंड के इस शहर का है मामला
पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी जुटा रही है साक्ष्य

ऋषिकेश, 30 अगस्त 2026 : कोतवाली क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और होटल में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह नाबालिग के परिजन कोतवाली पहुंचे और लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को एक व्यक्ति उनकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह नाबालिग को एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने बताया कि पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। नाबालिग के बयान समेत जांच की अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



