उत्तराखंड

यहां पर 60 यात्रियों से भरी बस पलटी, दबकर दो भाइयों की मौत

हादसे में 13 यात्री घायल, एक को एम्स ऋषिकेश किया गया रेफर, सुबह बहनों से बंधवाया था रक्षासूत्र, शाम को घर पहुंची दोनों की मौत की खबर

खबर को सुनें


देहरादून, 30 अगस्त 2026 : रक्षाबंधन पर सुबह बहनों से रक्षासूत्र बंधवाकर खुशियां मनाने वाले दो चचेरे भाइयों के परिवार में शाम होते-होते मातम पसर गया। भद्रकाली-ढालवाला मार्ग पर भद्रकाली मोड़ के पास करीब 60 यात्रियों से भरी राजस्थान नंबर की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस सड़क किनारे स्कूटी के पास बैठे दो चचेरे भाइयों के ऊपर जा गिरी। दोनों बस के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बस सवार 13 यात्री घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। बस के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत की। घायलों को एंबुलेंस से एसपीएस राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया गया।

स्कूटी सवारों को बचाने के प्रयास में पलटी बस

जानकारी के अनुसार राजस्थान नंबर आरजे18पीबी1409 बस खाराश्रोत पार्किंग से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि भद्रकाली-ढालवाला मार्ग पर ढलान के पास बस के सामने स्कूटी सवार आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलटते हुए किनारे खड़े दो युवकों के ऊपर जा गिरी।

दोनों चचेरे भाइयों की मौके पर मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गणेश विहार, गंगानगर, ऋषिकेश निवासी शुभम (26) और ऋषभ (34) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। परिजनों के अनुसार, दोनों ने रक्षाबंधन के मौके पर सुबह ही अपनी बहनों से रक्षासूत्र बंधवाया था। दिन की शुरुआत परिवार में खुशियों के साथ हुई थी, लेकिन शाम को हादसे की खबर पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया।

13 यात्री घायल, एक एम्स रेफर

हादसे में बस सवार 13 यात्री घायल हुए हैं। सभी को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान एक घायल की हालत गंभीर बताई गई, जिसे चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। बस में बिहार के समस्तीपुर, छपरा, दरभंगा समेत अन्य क्षेत्रों और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों के यात्री सवार बताए गए हैं।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। बस के सड़क पर पलटे होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। टीमों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कर बस के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में स्कूटी सवारों को बचाने के प्रयास में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button