
देहरादून, 4 नवंबर 2025: डोईवाला क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने गुस्से में अपने चार वर्षीय सौतेले बेटे को जोर से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
डोईवाला के बुल्लावाला गांव निवासी राहुल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उन्होंने प्रिया निवासी अंबेडकर कॉलोनी बड़ोवाला, शिमला बाईपास रोड, देहरादून से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उनका एक बेटा विवान (4 वर्ष) था।
रविवार सुबह राहुल ड्यूटी पर गए हुए थे। उसी दौरान प्रिया ने गुस्से में विवान को जोर से धक्का दे दिया। बच्चा फर्श पर गिरकर बेहोश हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
राहुल का आरोप है कि प्रिया अक्सर उसके बेटे के साथ क्रूरता से पेश आती थी और छोटी-छोटी बात पर उसे मारती-पीटती थी। पुलिस ने मामले में धारा 105 बीएनएस (गैर-इरादतन हत्या) के तहत केस दर्ज कर आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में प्रिया ने स्वीकार किया कि उसने गुस्से में विवान को धक्का दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।



