गाजियाबाद की इस पुलिस चौकी में धमाका…सहम गए आसपास के लोग
Explosion at this police outpost in Ghaziabad... people in the vicinity left shaken.

गाजियाबाद, 7 नवंबर 2026। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने की वसुंधरा चौकी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुए तेज धमाके से अफरातफरी मच गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चौकी के दो अलग-अलग कमरों की खिड़कियां टूट गईं, जबकि एक दीवार में भी दरार आ गई। इस दौरान चौकी पर खाना देने आया डिलीवरी बॉय झुलस गया। पुलिस शुरुआती तौर पर एसी में ब्लास्ट होने को धमाके की वजह बता रही है, जबकि चौकी में जब्त करके रखे गए पटाखों में विस्फोट होने की आशंका भी जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर, फॉरेंसिक और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पटाखों में विस्फोट की आशंका, पुलिस ने किया इन्कार
स्थानीय निवासियों और घटनास्थल के पास से गुजर रहे लोगों ने चौकी में जब्त पटाखे रखे होने की बात कही है। आशंका जताई जा रही है कि धमाका पटाखों में हुआ है। हालांकि, पुलिस अधिकारी पटाखों में विस्फोट होने की बात से इन्कार कर रहे हैं। धमाके की सूचना पर सबसे पहले फायर विभाग की टीम पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा। धमाके के पीछे किसी विस्फोटक सामग्री की भूमिका होने की आशंका को देखते हुए साक्ष्य और नमूने जुटाए गए। सभी टीमें घटना की वजह का पता लगाने में जुटी हैं।



