अखिल भारतीय अखाड़ा परिषदअध्यात्मउत्तराखंडकुंभ मेला तैयारियांतीर्थाटनपर्यटनसंस्कृति

हरिद्वार अर्द्धकुंभ के लिए जल्द तैनात होंगे नोडल अधिकारी

Nodal officers will soon be posted for Haridwar Ardh Kumbh.

खबर को सुनें


हरिद्वार अर्द्धकुंभ के लिए जल्द तैनात होंगे नोडल अधिकारी

वर्ष 2027 में आयोजित होना है हरिद्वार में अर्द्धकुंभ मेला

देहरादून, 26 सितंबर 2025 : हरिद्वार में 2027 में होने वाले महाकुंभ मेले की भव्य तैयारियों को लेकर सरकार ने अभी से कमर कस ली है। इसी कड़ी में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुंभ से जुड़े सभी स्थायी और अस्थायी कार्यों को प्राथमिकता तय कर समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि विश्वस्तरीय आयोजन में किसी भी तरह की कमी न रहे।
बैठक में मुख्य सचिव ने नोडल अधिकारियों की तैनाती जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहर बंदी के दौरान किए जाने वाले निर्माण कार्य समय से पूर्ण करने के साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा। उन्होंने विभिन्न अनापत्ति प्रमाणपत्रों की प्रक्रिया को भी शीघ्र निपटाने पर जोर दिया।
रेलवे स्टेशनों के सौंदर्यीकरण और जीआरपी थानों में मानक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए। मुख्य सचिव ने पुलिस और रेलवे विभाग को संयुक्त रूप से यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्थायी पुलिस थानों, सर्विलांस सिस्टम और भीड़ नियंत्रण के ठोस इंतज़ाम की रूपरेखा बनाने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान घाटों की सफाई सबसे बड़ी चुनौती है, इसलिए इसके लिए विशेष प्रणाली विकसित की जाए। नगर निगम को आंतरिक सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। घाटों के सौंदर्यीकरण में ग्रीन ओपन स्पेस शामिल करने और महिला घाटों पर आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
मुख्य सचिव ने मेला क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और थर्ड पार्टी क्वालिटी एश्योरेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सचिव शैलेश बगोली, नितेश कुमार झा, एडीजी डॉ. वी. मुरूगेशन, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडेय, आईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे, मेला अधिकारी सोनिका समेत संबंधित जिलाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button