अमरूद तोड़ने पेड़ पर चढ़ा था ग्रामीण, भालू ने कर दिया हमला
Villager climbed a tree to pick guavas; attacked by a bear

अमरूद तोड़ने पेड़ पर चढ़ा था ग्रामीण, भालू ने कर दिया हमला
डीडीहाट तहसील के देवीसूना क्षेत्र के धुरपट्टा गांव की है घटना, पास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा, घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल
देहरादून, 01 नवंबर 2026: पिथाैरागढ़ जिले की डीडीहाट तहसील के देवीसूना क्षेत्र के धुरपट्टा गांव में अमरूद तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े एक ग्रामीण पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह भालू को भगाया और घायल की जान बचाई। ग्रामीण को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार धुरपट्टा गांव निवासी 50 वर्षीय भगवान सिंह रविवार सुबह अपने खेत में स्थित अमरूद के पेड़ पर फल तोड़ने चढ़े थे। इसी दौरान वहां अमरूद खाने पहुंचे एक भालू ने पेड़ पर चढ़कर उन पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए वह साहस दिखाते हुए भालू से भिड़ गए। भगवान सिंह की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें करीब 15 किमी दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट पहुंचाया।
चिकित्सक डा. हरीश ने बताया कि भालू के हमले से भगवान सिंह की पीठ, गर्दन, हाथ, पैर व जांघों पर जख्म आए हैं। पीठ पर घाव गहरा होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर कर दिया गया है। अस्कोट वन रेंज की टीम ने रेंजर पूरन देऊपा के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर स्थिति का अवलोकन किया। दिनदहाड़े आबादी के निकट भालू के इस हमले से गांव में दहशत का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से भालू को शीघ्र पिंजरे में कैद कर दूर जंगल में छोड़ने की मांग की है।



