दिल्ली से स्मैक लाकर छात्रों को करते थे सप्लाई, समीना निकली गिरोह की सरगना
They used to source smack from Delhi and supply it to students; Samina turned out to be the ringleader of the gang.
गाजियाबाद, 1 नवंबर 2026। दिल्ली से स्मैक लाकर गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को उसकी सप्लाई कर रहे एक गिरोह का शालीमार गार्डन पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह की कथित सरगना समीना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 969 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से स्मैक की 860 पुड़िया, बिक्री से जुटाए गए 1 लाख 74 हजार 990 रुपये नकद, पीली धातु की तीन अंगूठियां और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
दिल्ली से स्मैक लाकर गाजियाबाद में करते थे सप्लाई
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शालीमार गार्डन निवासी आर्यन (20), ईमामुद्दीन (19), दिल्ली के सीमापुरी निवासी इमरान (25) और दिल्ली निवासी समीना (32) के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, समीना गिरोह की सरगना थी। वह दिल्ली से स्मैक खरीदकर लाती थी और अपने साथियों के जरिए गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई कराती थी।
300 से 400 रुपये में बेचते थे स्मैक की पुड़िया
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को सफेद रंग की छोटी-छोटी पॉलिथीन में भरकर पुड़िया तैयार करते थे। इसके बाद नशे के आदी लोगों को एक पुड़िया 300 से 400 रुपये में बेची जाती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने नशे के कारोबार से हुई कमाई से तीन अंगूठियां खरीदने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस से बचने के लिए बदलते थे ठिकाने
गिरफ्तारी से बचने के लिए गिरोह के सदस्य लगातार अपने रहने के ठिकाने बदलते रहते थे। जांच में सामने आया कि आरोपी जिस फ्लैट में रह रहे थे, उसे भी करीब एक महीने पहले किराये पर लिया गया था। पुलिस का मानना है कि किराये के मकान और फ्लैट बदलकर आरोपी अपनी गतिविधियों को छिपाने की कोशिश करते थे।
समीना के खिलाफ दिल्ली में दर्ज हैं 11 मुकदमे
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि इमरान के खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद में चोरी के चार मुकदमे दर्ज हैं।वहीं, गिरोह की कथित सरगना समीना के खिलाफ दिल्ली के सीमापुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत 11 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और स्मैक की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।


