
जम्मू-कश्मीर में नून और कुन चोटी का आरोहण करेगी निम की टीम
समुद्रतल से 7,135 और 7,077 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हैं नून और कुन चोटियां, टीम को 15 अगस्त तक करना है इन चोटियों का सफल आरोहण, 25 अगस्त को
वापस लौटेगी टीम
देहरादून, 31 जुलाई 2026 : नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की 18 सदस्यीय टीम जम्मू-कश्मीर की काराकोरम रेंज में स्थित नून (7,135 मीटर) और कुन (7,077 मीटर) चोटियों के आरोहण को रवाना हो गई है। अभियान का नेतृत्व संस्थान के प्राचार्य कर्नल एसएस राजपुरोहित कर रहे हैं। टीम का लक्ष्य 15 अगस्त तक दोनों चोटियों का सफलतापूर्वक आरोहण करना है।
नून-कुन के लिए संस्थान का यह पहला अभियान है। इसका उद्देश्य संस्थान के प्रशिक्षकों को गढ़वाल- कुमाऊं हिमालय के भूगोल और मौसम की स्थिति में व्यावहारिक पर्वतारोहण का अनुभव प्रदान करना है, ताकि उनकी प्रशिक्षण क्षमता और दक्षता में वृद्धि हो सके। नून और कुन काराकोरम क्षेत्र की 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियां हैं, जो अपेक्षाकृत चढ़ाई योग्य होने के बावजूद महत्वपूर्ण तकनीकी चुनौतियां भी पेश करती हैं। वर्तमान में मौसम अभियान के लिए अनुकूल बना हुआ है, क्योंकि कारगिल क्षेत्र मानसून से अप्रभावित है और यहां नगण्य वर्षा होती है।
टीम में 13 पर्वतारोही और नौ सहायक कर्मचारी शामिल हैं। टीम का दो अगस्त तक शपथ नाला रोड-हेड कैंप पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां दो दिन तक अनुकूलन के
बाद टीम चार अगस्त को बेस कैंप के लिए प्रस्थान करेगी। निम के रजिस्ट्रार प्रवीन कुमार ने बताया कि दो दिन पूर्व निम की टीम नून और कुन चोटियों के आरोहण को रवाना हुई है, जो चोटियों का आरोहण कर 25 अगस्त तक वापस लौटेगी।



