उत्तराखंड में इस दिन से फिर बदलेगा मौसम…इन इलाकों में बर्फबारी के आसार
गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 और 16 अक्टूबर को गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव का असर मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल और 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ जनपदों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 16 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में भी बारिश हो सकती है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।
दून के नामी रेस्टोरेंट के किचन में चूहे-कॉकरोचों का डेरा, थाली में सड़ी सब्जियां…पढ़ें पूरी खबर



