दून के नामी रेस्टोरेंट के किचन में चूहे-कॉकरोचों का डेरा, थाली में सड़ी सब्जियां…पढ़ें पूरी खबर
फ्रीजर में मिलीं सड़ी-गली सब्जियां, दो-तीन दिन पुराना चावल और गूंथा आटा भी मिला, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट बंद कराया, संचालक को सुधार के लिए 14 दिन की मोहलत

देहरादून। नामी देहरादून क्लब के रेस्टोरेंट में परोसे जा रहे खाने की हकीकत चौंकाने वाली है। रसोई में सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुराना पका चावल और गूंथा आटा मिला। मसालों की थैलियां चूहे कुतर चुके थे और बर्तन धोने की जगह गंदगी से अटी थी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट को बंद करा दिया, लेकिन संचालक को कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का समय भी दे दिया।
न्यू सर्वे रोड पर परेड मैदान के सामने स्थित देहरादून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में मंगलवार को खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने छापा मारा। टीम ने रसोईघर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री के भंडारण स्थलों, बर्तन धोने के स्थान और स्टोर रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आए।
निरीक्षण में फ्रीजर के भीतर और बाहर फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। करीब दो दिन पुराना पका चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन बनाने की सामग्री भी मिली। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे हुए थे।

मसालों की थैलियां कुतर गए थे चूहे, कॉकरोच भी मिले
रसोईघर और मसालों की अलमारी में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी मिली। मसालों की कई थैलियां चूहों ने कुतर रखी थीं। स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी सामने आई। बर्तन धोने की जगह पर अत्यधिक गंदगी थी। वहां तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा-कचरा मिला। नालियां जाम थीं और ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति भी खराब थी। रेस्टोरेंट प्रबंधन कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका। परिसर में पेस्ट कंट्रोल कराए जाने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी इन कमियों को टीम ने गंभीरता से लिया।
पनीर, दूध और चिकन करी के नमूने लिए
टीम ने रेस्टोरेंट में उपलब्ध पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए। मौके पर करीब पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सड़ी-गली सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट कराया गया। अब खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट से उनकी गुणवत्ता के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।
सुधार के लिए 14 दिन का नोटिस
निरीक्षण के बाद टीम ने रेस्टोरेंट को फिलहाल बंद करा दिया। रेस्टोरेंट स्वामी अभय सिंह नेगी को कमियां दूर करने के निर्देश देते हुए 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव, खाद्य सुरक्षा अभिहित अधिकारी मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी मौके पर उपस्थित थे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की गंभीर अनियमितताएं विशेष रूप से चिंताजनक हैं। यहां विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों समेत अनेक गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है। ऐसे संस्थान में भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था का स्वच्छ, सुरक्षित और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि रसोईघर में सड़ी-गली खाद्य सामग्री, चूहों और कॉकरोचों की मौजूदगी तथा साफ-सफाई की बदहाल स्थिति अत्यंत आपत्तिजनक है।
अन्य खबरें पढ़ें… https://globalganga.com/no-trace-of-kalp-kedar-dham-found-even-after-digging-11-feet-excavation-to-continue/



