
छिद्दरवाला में हरदा ने तली पकौड़ियां, चाय के साथ जायका भी लिया
हरिद्वार जाते हुए छिद्दरवाला स्थित रामू पकौड़े वाले की दुकान में तली पकौड़ियां, लोगों से गप-शप करते हुए ताजा की पुरानी यादें
देहरादून, 01 अक्टूबर 2026 : पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का जनता से कनेक्ट करने का अंदाज निराला है। गुरुवार को वह देहरादून के छिद्दरवाला स्थित एक ढाबे में पहुंचे और वहां चाय-पकौड़ी का स्वाद लिया। इतना ही नहीं, कुछ वक्त निकालकर उन्होंने स्वयं पकौड़ियां तलीं और स्थानीय लोगों के साथ बैठकर गप-शप करते हुए क्षेत्र से जुड़ी पुरानी यादें ताजा कीं।
हरदा गुरुवार दोपहर देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह छिद्दरवाला के पास पहुंचे अचानक उन्हें क्या सूझा कि पुलिस चेकपोस्ट के समीप कार रुकवाई और सीधे वहां रामू पकौड़े वाले की दुकान में जा धमके। वहां उन्होंने लोगों से बातचीत की और फिर पकौड़े वाले के साथ खुद भी पकौड़े तलने लगे। उन्होंने वहीं बैठकर पकौड़ियां खाईं और चाय की चुस्कियां लीं। साथ ही ढाबे वाले को अपने हाथ से पकौड़ियां भी खिलाई।



