
नयार घाटी में शुरू हुआ 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर
शिविर में टिहरी, नैनीताल व देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 20 प्रशिक्षु कर रहे प्रतिभाग, सीखेंगे पैराग्लाइडिंग की तकनीकी बारीकियां, ढाढ़ूखाल से टेक-आफ कर बिलखेत के समीप स्थित मैदान में करेंगे
देहरादून, 01 अक्टूबर 2026: पौड़ी जिले के अंतर्गत नयार घाटी के बिलखेत गांव में गुरुवार से 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर शुरू हो गया। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की ओर से आयोजित इस शिविर में टिहरी, नैनीताल व देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 20 प्रशिक्षु प्रतिभाग कर रहे हैं।
पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि बिलखेत क्षेत्र में एयरो स्पोर्ट्स की असीमित संभावनाएं हैं। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए बिलखेत में राष्ट्रीय स्तर का पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण संस्थान विकसित करने की कार्यवाही भी गतिमान है। कहा कि नयार नदी में एंग्लिंग और बोटिंग सहित पर्यटन से जुड़ी कई अन्य योजनाएं भी पाइप लाइन में हैं। इन योजनाओं के धरातल पर आने से क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि एक से 30 अक्टूबर तक चलने वाले 30 दिवसीय अभ्यास शिविर में यूटीडीबी के पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ बलवंत कपकोटी के निर्देशन में प्रशिक्षणार्थी नियमित अभ्यास करेंगे और पैराग्लाइडिंग की तकनीकी बारीकियों से परिचित होंगे। बताया कि अभ्यास के दौरान प्रशिक्षणार्थी ढाढ़ूखाल से टेक-आफ कर बिलखेत के समीप स्थित मैदान में लैंडिंग करेंगे। इस अवसर पर पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ विक्रम सिंह नेगी, किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद के सदस्य राकेश नौड़ियाल, ग्राम प्रधान बिलखेत रश्मि देवी, प्रशिक्षक बलवंत कपकोटी आदि मौजूद रहे।



