क्राइम

उत्तराखंड के इस बड़े अस्पताल में महिला से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

एसटीआई विभाग का काउंसलर हिरासत में

खबर को सुनें


देहरादून, 27 मई 2026 : राजधानी के सबसे बड़े सरकारी दून अस्पताल में इलाज कराने आई महिला से जांच के बहाने दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एसटीआई विभाग के एक काउंसलर ने महिला को पहले काउंसलिंग कक्ष और फिर अस्पताल के बेसमेंट में ले जाकर गलत हरकत करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि अस्पताल प्रशासन ने उसे सेवा से हटा दिया है।

जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है। स्थानीय निवासी महिला 14 दिन पहले महिला एवं प्रसूति रोग विभाग में इलाज कराने आई थी। चिकित्सकों ने निजी अंग में संक्रमण की आशंका जताते हुए दवाएं दी थीं और फॉलोअप के लिए बुलाया था। मंगलवार को महिला दोबारा अस्पताल पहुंची।

पीड़िता के मुताबिक, जब वह एसटीआई विभाग के काउंसलर के पास दवा लेने गई तो उसने संक्रमण की जांच करने की बात कही। इसी दौरान बिजली चली गई थी। आरोप है कि आरोपी ने अंधेरे में महिला से कपड़े उतारने को कहा और बिना ग्लव्स पहने गलत तरीके से छेड़छाड़ की। बाद में उसने बेहतर जांच के नाम पर महिला को दूसरी जगह चलने के लिए कहा।

महिला का आरोप है कि आरोपी उसे अस्पताल के बेसमेंट में ले गया, जहां चारों तरफ अंधेरा था। वहां एक कोने में, जिसे प्लाई से ढका गया था, आरोपी ने फिर कपड़े उतारने को कहा। महिला को शक होने पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ जुटते देख आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया। महिला ने अपने पति को भी मौके पर बुला लिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button