राज्य कर अधिकारी का सहयोगी बनकर पांच हजार रुपये रिश्वत लेते युवक गिरफ्तार…यहां का है मामला

गाजियाबाद, 17 सितंबर 2026 : राज्य कर अधिकारी का सहयोगी बताकर एक फर्म का नोटिस खत्म कराने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले युवक को मेरठ एंटी करप्शन टीम ने बृहस्पतिवार को पांच हजार रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान लोकेश कुमार के रूप में हुई है। टीम ने उसे कविनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र स्थित आरएल इंटरप्राइजेज की प्रबंधक रुचि शर्मा के पति संजीव कुमार शर्मा के मुताबिक, फर्म ने वर्ष 2022-23 का कर जमा किया था। इसके बाद राज्य कर विभाग की ओर से फर्म को नोटिस जारी किया गया, जिसमें 13 हजार रुपये कम कर जमा होने की बात कही गई थी। आरोप है कि नोटिस खत्म कराने के एवज में लोकेश कुमार ने संजीव कुमार से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद पांच हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
संजीव कुमार ने इसकी शिकायत मेरठ एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत के आधार पर टीम ने बृहस्पतिवार को जाल बिछाया। लोकेश ने संजीव को कचहरी स्थित राज्य कर विभाग के बाहर चाय की दुकान पर रुपये देने के लिए बुलाया। जैसे ही संजीव ने उसे पांच हजार रुपये दिए, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।



