भालू के हमले में महिला गंभीर घायल, चेहरे और सिर पर आए हैं 30 टांके, स्थिर बनी हुई है हालत
Woman seriously injured in bear attack, received 30 stitches on face and head, condition remains stable

भालू के हमले में महिला गंभीर घायल, चेहरे और सिर पर आए हैं 30 टांके, स्थिर बनी हुई है हालत
पर्वतीय क्षेत्र में लगातार बढ़ते जा रहे हैं जंगली जानवरों के हमले, गुलदार व भालू के आतंक से दहशत में हैं ग्रामीण, घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे, वन विभाग के खिलाफ बढ़ता जा रहा है आक्रोश
देहरादून, 18 अगस्त 2026: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। चमोली जिले के गैरसैंण विकासखंड स्थित धनपुर रेंज के जंगल की सीमा से लगे भटक्वाली गांव में सोमवार शाम भालू ने एक वृद्ध महिला भागुली देवी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में भर्ती कराया गया है। भागुली देवी के चेहरे व सिर पर 30 से अधिक टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डा. बीपी पुरोहित ने बताया कि घायल महिला के चेहरे व सिर पर गहरे जख्म आए हैं। ऐसे में सर्जरी की भी जरूरत पढ़ सकती है, लेकिन मरीज की स्थिति सामान्य होने और विशेषज्ञों के परामर्श के बाद ही सर्जरी संभव हो पाएगी। फिलहाल घायल का उपचार जारी है। वहीं, मंगलवार को वन विभाग धनपुर रेंज की टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का हालचाल जाना।
वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर गई थी और ग्रामीणों से सतर्क रहने को कहा गया है। वन कर्मियों ने चौरासैंण व पुनगांव में भी भालू को भगाने के लिए आतिशबाजी सहित अन्य बचाव संबंधी सुझाव ग्रामीणों से साझा किए। नगर पालिका गौचर के अध्यक्ष मुकेश नेगी के अलावा महेश खंडूड़ी, सुभाष रावत व हरीश चौहान ने भी अस्पताल जाकर वृद्धा का हालचाल जाना। उन्होंने सरकार से वन्य जीवों के आबादी क्षेत्र में हो रहे हमले रोकने के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं। शाम ढलने से पहले ही भटक्वाली समेत आसपास के गांवों में सन्नाटा पसर जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों के डर से वे न तो खेतों में काम करने जा पा रहे हैं, न जरूरी सामान लेने बाजार ही।



