
केदारपुरी पहुंची नौजुला मैखंडा क्षेत्र की अधिष्ठात्री मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा
केदारनाथ धाम से करीब दो किमी ऊपर पहाड़ी पर स्थित स्वर्ग द्वारी में किया भोग मूर्तियों ने स्नान, बाबा केदार और बाबा भुकुंट भैरव के दर्शन भी किए,आज केदारपुरी में भक्तों को दर्शन देंगी लोकदेवी, यहां से गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के लिए करेंगी प्रस्स्थान
देहरादून, 25 अगस्त 2026: केदारघाटी में इन दिनों नौजुला मैखंडा क्षेत्र की अधिष्ठात्री मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा की धूम है। मंगलवार को 16वें दिन यात्रा केदारपुरी पहुंची, जहां से मां के उत्सव विग्रह को स्नान के लिए केदारनाथ धाम से करीब दो किमी ऊपर पहाड़ी पर स्थित स्वर्ग द्वारी ले जाया गया। इस दौरान केदारपुरी मां के जयघोष से गुंजायमान हो उठी। बुधवार को मां महिष मर्दिनी की डोली केदारपुरी का भ्रमण करेगी।
देवरा यात्रा के सुबह केदारपुरी पहुंचने पर धाम में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से मां की डोली का स्वागत किया। यहां से डोली लोकवाद्यों की मधुर लहरियों के साथ स्वर्ग द्वारी पहुंची, जहां परंपरा के अनुसार भोग मूर्तियों को स्नान कराया गया। हजारों श्रद्धालु इस दिव्य पल के साक्षी बने। इसके बाद मां महिष मर्दिनी ने मंदिर पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। अभिषेक पूजन के उपरांत डोली ने मंदिर परिसर में नृत्य किया और फिर बायीं पहाड़ी पर स्थित केदारपुरी के रक्षक बाबा भुकुंड भैरव मंदिर के लिए रवाना हो गई। यहां भी परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की गई और फिर रात्रि विश्राम के लिए वापस केदारपुरी लौट गई।



