अंतरराष्ट्रीयअध्यात्मउत्तराखंडतीर्थाटनधरोहरधर्म-परम्पराएंपर्यटनराष्ट्रीयसंस्कृति
वेदनी कुंड में 16 सितंबर से शुरू होगा रूपकुंड महोत्सव
The Roopkund Festival will begin at Vedni Kund on September 16.

वेदनी कुंड में 16 सितंबर से शुरू होगा रूपकुंड महोत्सव
नंदा देवी लोकजात के वेदनी कुंड पहुंचने के उपलक्ष्य में हर साल होता है यह तीन दिवसीय आयोजन
देहरादून, 05 सितंबर 2026: चमोली जिले में समुद्रतल से 13,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित वेदनी कुंड (वेदनी बुग्याल) में 16 सितंबर से तीन दिवसीय 39वें रूपकुंड महोत्सव का आयोजन होगा। हर साल नंदा देवी लोकजात के वेदनी कुंड पहुंचने के उपलक्ष्य यह आयोजन होता है। इस बार 18 सितंबर को लोकजात वेदनी कुंड पहुंचेगी। इसके लिए आयोजन समिति का गठन कर दिया गया है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष कुंवर सिंह ने बताया कि समिति में तेजपाल रावत को उपाध्यक्ष, गंगा सिंह को सह उपाध्यक्ष, उर्मिला बिष्ट को महासचिव, रूपा देवी को सचिव, बलवंत सिंह को सह सचिव और हीरा सिंह गढ़वाली को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी के साथ सभी को जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं। बताया कि महोत्सव के उद्घाटन के लिए क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा और समापन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, महिला और युवक मंगल दलों के सदस्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इस दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी। पहले दिन शिव-पार्वती पूजन, दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और तीसरे दिन नंदा देवी जात पूजन के साथ पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होगा।




