
हिमाचल की टीम बनी शीतकालीन खेलों की सिरमौर, ओवरऑल चैंपियन का ताज भी पहना

औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप व विंटर कार्निवल का सोमवार को हुआ रंगारंग समापन, हिमाचल प्रदेश की टीम ने जीते सर्वाधिक 17 पदक, आंचल ठाकुर को ‘बेस्ट स्कीयर’ का खिताब, दूसरे स्थान पर रही सेना की टीम को मिले कुल 12 पदक
देहरादून, 16 फरवरी 2026: औली में 13 फरवरी से शुरू हुई नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप व विंटर कार्निवल का सोमवार रंगारंग समापन हो गया। हिमाचल प्रदेश की टीम ने छह स्वर्ण, पांच रजत व छह कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्राफी अपने नाम की। दो स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल प्रदेश की आंचल ठाकुर को प्रतियोगिता की ‘बेस्ट स्कीयर’ चुना गया। उत्तराखंड के खाते में एक स्वर्ण समेत कुल तीन पदक आए।
पदक तालिका में दूसरा स्थान सेना की टीम ने हासिल किया। सेना को तीन स्वर्ण, पांच रजत व चार कांस्य समेत कुल 12 पदक मिले। तीसरे स्थान पर रही जम्मू-कश्मीर की टीम ने दो स्वर्ण पदक जीते। मेजबान उत्तराखंड की झोली में एक स्वर्ण व दो कांस्य पदक आए, जबकि महाराष्ट्र की टीम को एक रजत पर संतोष करना पड़ा। चैंपियनशिप में स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को क्रमश: 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा उन्हें मेडल व प्रमाण पत्र भी प्रदान किये गए। समापन पर लोकगायक किशन महिपाल ने गढवाली गीतों की प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया।
इन 17 टीमों ने किया प्रतिभाग
चैंपियनशिप में उत्तराखंड-ए, उत्तराखंड-बी, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, सीआरपीएफ, आइटीबीपी व सेना समेत 17 टीमों ने प्रतिभाग किया।

पदक तालिका
-
हिमाचल प्रदेश : छह स्वर्ण, पांच रजत व छह कांस्य (कुल 17)
-
सेना : तीन स्वर्ण, पांच रजत व चार कांस्य (कुल 12)
-
जम्मू-कश्मीर : दो स्वर्ण, शून्य रजत, शून्य कांस्य (कुल दो)
-
उत्तराखंड : एक स्वर्ण, शून्य रजत, दो कांस्य (कुल तीन)
-
महाराष्ट्र : शून्य स्वर्ण, एक रजत, शून्य कांस्य (कुल एक)







