
बिक्री के लिए नहीं थे, फिर भी जोशियाड़ा में उतार दिए गए सीमेंट के 260 कट्टे
बुधवार तड़के टिप्पर वाहन से उतारे गए ‘नाट फार रिटेल सेल’ लिखे सीमेंट के ये कट्टे, सीमेंट के अनाधिकृत इस्तेमाल को लेकर उठ रहे सवाल, बीआरओ करा रहा मामले की जांच
देहरादून, 09 सितंबर 2026: उत्तरकाशी शहर के जोशियाड़ा मोटरपुल के पाए टिप्पर वाहन से ‘नाट फार रिटेल सेल’ लिखे सीमेंट के 260 कट्टे उतारने का मामला सामने आया है। बुधवार तड़के यहां एक टिप्पर वाहन पहुंचा और सीमेंट के कट्टे गिराकर चलता बना। इससे सीमेंट के अनाधिकृत इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीआरओ के कमांडर का कहना है कि मामले की जांच करवाई जा रही है।
जोशियाड़ा निवासी शरद रावत ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे वह जिम जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान नीले रंग का एक टिप्पर वाहन जोशियाड़ा मोटरपुल तिराहे पर सीमेंट के कट्टे गिराता नजर आया। जबकि, अक्सर सीमेंट की लोडिंग-अनलोडिंग में श्रमिक एक-एक कर कट्टे उतारते हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकारी नंबर वाले इस वाहन के बीआरओ के होने का पता चला है। विदित हो कि जोशियाड़ा मार्ग राज्य मार्ग है। ऐसे में बीआरओ की ओर से यहां सीमेंट के कट्टे उतारे जाने का औचित्य समझ में नहीं आ रहा। बीआरओ के अधिकारियों ने भी यह बात स्वीकारी है।
बीआरओ के कमांडर राजकिशोर का कहना है कि मंगलवार को ऋषिकेश से तीन वाहन सीमेंट की खेप लेकर आए थे। मामले की सूचना पर यहां दोनों यूनिटों को सूचित कर सीमेंट का स्टाक चेक करवाया जा रहा है। साथ ही इसकी सीसीटीवी फुटेज लेने के भी प्रयास हो रहे हैं। कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जरूरत पड़ने पर मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा। वहीं, कोतवाल उत्तरकाशी दिनेश कुमार ने बताया कि मौके पर पुलिसकर्मी भेजे गए थे। उनसे पता चला कि सीमेंट के कट्टे बीआरओ के वाहन से उतारे गए। प्रकरण से संबंधित विभाग को अवगत करा दिया गया है।



