भालू के हमले में धारकोट के वीरेंद्र घायल, शोर मचाने पर भागा
Virendra from Dharkot injured in bear attack; animal fled after he raised an alarm.

भालू के हमले में धारकोट के वीरेंद्र घायल, शोर मचाने पर भागा
टिहरी जनपद की सिलोगी ग्राम पंचायत के धारकोट गांव का है मामला, गांव में काम करने जा रहे थे वीरेंद्र, झाड़ियों में छिपा हुआ था भालू, इस हमले के बाद से गांव में दहशत का माहौल
देहरादून, 14 सितंबर 2026: टिहरी जननद की ग्राम पंचायत सिलोगी के धारकोट गांव में सोमवार सुबह भालू ने हमला कर एक ग्रामीण को घायल कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर भालू मौके से भाग गया। घायल का जिला अस्पताल बौराड़ी में उपचार चल रहा है। सकलाना रेंज के रेंजर मदन रावत ने बताया कि घायल को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
धारकोट निवासी वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह गांव में वीबी-जी राम जी योजना के कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकलकर एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। उनके शोर मचाने पर भालू वहां से भागा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल वीरेंद्र को जिला अस्पताल नई टिहरी बौराड़ी ले जाया गया।
घटना के बाद सिलोगी, धारकोट और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव और सावधानी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा भालू को गांव से दूर रखने के लिए घरों में फोकस लाइट लगाई जाएंगी। वहीं, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्र चंद रमोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष चंबा सूरज राणा, सुमना रमोला समेत ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा के मजबूत इंतजाम करने की मांग उठाई है।



