ट्राली में बैठने के दौरान हुई धक्का-मुक्की, यात्री की नदी में गिरकर मौत
A scuffle broke out while boarding a trolley, resulting in a passenger falling into a river and dying.

ट्राली में बैठने के दौरान हुई धक्का-मुक्की, यात्री की नदी में गिरकर मौत
द्वितीय केदार मध्यमेश्वर पैदल मार्ग पर सोमवार सुबह हुआ हादसा, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला था मृतक
देहरादून, 03 अगस्त 2026: द्वितीय केदार मध्यमेश्वर पैदल मार्ग पर सोमवार सुबह ट्राली में बैठने को लेकर हुई धक्का-मुक्की में एक यात्री मोरखंडा नदी में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला था।
मध्यमेश्वर पैदल मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे ट्राली के पास भीड़ के दौरान एक यात्री नदी में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। एसडीआरएफ और
डीडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर यात्री को उपचार के लिए रवाना किया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए एयर एंबुलेंस की भी तैयारी कर ली गई थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 35-वर्षीय अंजुल कुमार के रूप में हुई। वह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है।
हालांकि, लोनिवि ऊखीमठ के अधिशासी अभियंता राजेश नैथानी का कहना है कि कोई यात्री ट्राली से नहीं गिरा, बल्कि भीड़ के कारण हुई धक्का-मुक्की में वह पहाड़ी से नदी में जा गिरा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बनतोली में स्थायी पुल निर्माण में हो रहे विलंब पर गहरी नाराजगी जताई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा का कहना है कि मोरखंडा नदी पर लंबे समय से पुल नहीं बनने के कारण श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को जान का जोखिम उठाना पड़ रहा है। यह घटना भी इसी का परिणाम है।



