अध्यात्मउत्तराखंडऑफबीटधरोहरप्रेरणामनोरंजनयूथराष्ट्रीयसंस्कृति

हिमालय की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर है उत्तराखंड की पारंपरिक रामलीला

Uttarakhand’s traditional Ramlila is an intangible cultural heritage of the Himalayas.

खबर को सुनें


हिमालय की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर है उत्तराखंड की पारंपरिक रामलीला

दून पुस्तकालय में उत्तराखण्ड की पारम्परिक रामलीला पर  हुई चर्चा, कलाकारों ने विविध प्रसंगों का गायन भी किया

देहरादून, 15 अक्टूबर, 2026: दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र की ओर से उत्तराखण्ड की पारम्परिक रामलीला के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोकनाट्य परम्परा पर केन्द्रित एक विशेष कार्यक्रम में कुमाऊं और गढ़वाल की लगभग 166 वर्ष पुरानी रामलीला की विशिष्टताओं पर चर्चा की गई। इस दौरान कलाकारों ने जहां रामलीला के विविध प्रसंगों का गायन किया, वहीं संस्कृति प्रेमियों की ओर से उत्तराखण्ड की पारम्परिक रामलीला को ‘हिमालयी अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर’ के रूप में मान्यता दिलाने और इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राजकीय सहायता उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखण्ड की पारम्परिक रामलीला की समृद्ध विरासत को सामने लाना, उसकी विविध क्षेत्रीय शैलियों से नई पीढ़ी को परिचित कराना और इस लोकनाट्य परम्परा के संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना था।  अपने बीज वक्तव्य में प्रख्यात रंगकर्मी एवं संस्कृति विशेषज्ञ प्रो. डीआर पुरोहित ने उत्तराखण्ड की रामलीला के सूत्रधारों और उसकी प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने रामलीला को केवल रामकथा के मंचन तक सीमित न मानते हुए इसे लोक संगीत, गायन, अभिनय, संवाद अदायगी, वेशभूषा और सामुदायिक सहभागिता का विशिष्ट संगम बताया। साथ ही इस परम्परा के माध्यम से पीढ़ियों तक रंगमंचीय कला और सांस्कृतिक मूल्यों के हस्तांतरण के महत्त्व को भी रेखांकित किया।

साहित्यकार चन्द्रशेखर तिवारी ने कुमाऊं की रामलीला के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परिदृश्य पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने इस परम्परा के क्षेत्रीय स्वरूप, लोकजीवन से उसके संबंध और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने और उसकी स्थानीय विशिष्टताओं पर प्रकाश डाला। डॉ. योगेश धस्माना ने पौड़ी की रामलीला की विशेषताओं और उसकी परम्परा के बारे में जानकारी दी और ऐतिहासिक संदर्भ प्रस्तुत किए। रंगकर्मी डॉ. ज्योतिष घिल्डियाल ने देहरादून शहर  की पुरानी रामलीला और उससे जुड़े अनेक प्रसंगों को साझा कर महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। रंगकर्मी कुलानंद घनशाला ने गढ़वाली रामलीला पर प्रकाश डाला और कवि गुणानंद पथिक की रामलीला का परिचय देकर उसकी पंक्तियां गुनगुनाई।

चर्चा में वक्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रीय शैलियों के दस्तावेजीकरण और संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान ज्योति उप्रेती सती, नीरजा उप्रेती, डॉ. शैलेन्द्र मैठाणी, प्रमित कुमार, अलभ्य बडोनी, त्रिष्ठव बडोनी, आइसा कुंवर व धर्मेंद्र सिंह रावत ने रामलीला के चुनिंदा प्रसंगों का गायन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हारमोनियम की सुरीली धुन और तबले की गमक के साथ इन गायन प्रस्तुतियों ने पहाड़ की पारम्परिक  रामलीला संगीत परम्परा को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों द्वारा सामूहिक रूप से गाई गई स्तुति ‘श्रीरामचन्द्र कृपालु भज मन’ विशेष आकर्षण का केद्र रही।

इस अवसर पर पारित घोषणा प्रस्ताव में उत्तराखण्ड की पारम्परिक रामलीला को ‘हिमालयी अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर’ के रूप में मान्यता दिलाने के लिए आवश्यक सर्वेक्षण, ऐतिहासिक दस्तावेजीकरण और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया गया। प्रस्ताव में रामलीला समितियों को  विशेष राजकीय सहायता देने की मांग की गई। युवा कलाकारों के प्रशिक्षण, वरिष्ठ कलाकारों के सम्मान और पारम्परिक संगीत, संवाद व मंचन शैलियों का डिजिटल अभिलेखागार तैयार करने पर जोर दिया गया। कुमाऊं और गढ़वाल की विभिन्न रामलीला शैलियों के आदान-प्रदान एवं प्रदर्शन के लिए प्रतिवर्ष राज्यस्तरीय रामलीला महोत्सव आयोजित करने का सुझाव भी इस मौके पर दिया गया।

उत्तराखण्ड की पारम्परिक रामलीला पर केन्द्रित यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक विरासत को पहचानने, उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भावी पीढ़ियों तक उसकी निरंतरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। दून पुस्तकालय  की ओर से  प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में  पंकज नैथानी, डॉ. अतुल शर्मा,, डीके पाण्डे, डॉ. लालता प्रसाद, सुंदर सिंह बिष्ट, दक्षा धस्माना, सुरेन्द्र सजवाण, देवेन्द्र काण्डपाल, भगवान प्रसाद घिल्डियाल, आलोक सरीन, लेखक, साहित्यकार संस्कृति, रंगमंच और लोक परम्पराओं में रुचि रखने वाले बड़ी संख्या में श्रोता गण उपस्थित रहे।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button