
देवप्रयाग के पास खाई में गिरी कार, दो की मौत, तीन घायल
चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रहे थे कार सवार, पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू
देहरादून, 15 अक्टूबर 2026 : देवप्रयाग से करीब चार किमी श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास गुरुवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने मृतकों के शव खाई से बाहर निकाले और घायलों को सीएचसी बागी पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:40 बजे चंडीगढ़ से आ रही हरियाणा नंबर की वैगनआर टैक्सी कार रुद्रप्रयाग की ओर जा रही थी। ग्राम पाली के पास चालक ने अचानक स्टेयरिंग पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया।



