उत्तराखंड में 31 अगस्त और 1 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ की यात्रा टालने की सलाह
आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को जारी की एडवायजरी, पर्यटकों-ट्रैकरों पर विशेष नजर, यमकेश्वर में 95 और सहस्रधारा में 91 मिलीमीटर बारिश, कई जगह नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका

देहरादून। उत्तराखंड में सुस्त पड़ा मानसून फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार शाम से बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने दो सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। 31 अगस्त और एक सितंबर को बारिश के चरम पर रहने की संभावना को देखते हुए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए मौसम केंद्र ने लोगों को चारधाम समेत अन्य पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा टालने की सलाह दी है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने भी सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने की एडवायजरी जारी की है। जिलों में संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने के साथ पर्यटकों और ट्रैकरों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने की अनुमति नहीं देने की सलाह दी गई है।
यमकेश्वर में 95, सहस्रधारा में 91 मिलीमीटर बारिश
शनिवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पौड़ी जिले के यमकेश्वर में सर्वाधिक 95 मिलीमीटर बारिश हुई। यमकेश्वर के नीलकंठ महादेव क्षेत्र में 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। देहरादून में 66.6 मिलीमीटर बारिश हुई। जिले के रायपुर ब्लॉक में बारिश का जोर सबसे ज्यादा रहा। सहस्रधारा में 91 और मालदेवता में 82 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पिथौरागढ़ के बंगापानी में 77, देहरादून के कालसी में 75, नैनीताल के कालाढूंगी में 66 और बागेश्वर के शामा में 65 मिलीमीटर बारिश हुई।
31 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
एक सितंबर को देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
एक सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी भारी बारिश का यलो अलर्ट है। दो सितंबर को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
भूस्खलन और नदियों के बढ़ते जलस्तर का खतरा
मौसम केंद्र ने 31 अगस्त और एक सितंबर को भारी बारिश के कारण भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई है। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। चारधाम और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा को फिलहाल टालने की अपील की गई है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकरों पर नजर
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतने को कहा है। एडवायजरी में पर्यटकों और ट्रैकरों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने की अनुमति नहीं देने की सलाह दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में मौसम और सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव व्यवस्था सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं।



