
उम्मीद की लौ के सहारे जीत के मुक़ाम को छूने का बेहतरीन साहसिक आख्यान है ‘भौं कुछ’
कथाकार मुकेश नौटियाल की पुस्तक ‘भौं कुछ’ का दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में हुआ लोकार्पण, कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और कला क्षेत्र के अनेक विद्वान हुए शामिल
देहरादून, 17 अक्टूबर, 2026: कथाकार मुकेश नौटियाल की पुस्तक ‘भौं कुछ’ का शनिवार को दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सभागार में लोकार्पण हुआ। इस मौके पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में वरिष्ठ कथाकार जितेन ठाकुर ने कहा कि मुकेश नौटियाल का लेखन रूस के महान लेखक रसूल हमजातोव की गद्यशैली की याद दिलाता है। कहा कि लेखक ने स्मृतियों की इस शृंखला की शुरुआत अपनी दादी द्वारा गढ़े गए एक मौलिक बिम्ब ‘स्मृतिमाई’ की चर्चा से की है और यहीं से पाठक की जिज्ञासा किताब को आगे पढ़ने की होने लगती है। पुस्तक के सभी 14 अध्याय नई-नई घटनाओं और अनूठे चरित्रों के ज़रिए हिमालयी लोक के समूचे समाजशास्त्र को सामने लाते हैं। यह किताब उपेक्षा, अपमान और संत्रासों की अंधेरी दुनिया में उम्मीद की एक लौ के सहारे जीत के मुक़ाम को छूने का एक बेहतरीन साहसिक आख्यान है।
विशिष्ट अतिथि दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख अनिल भारती ने कहा कि ‘भौं कुछ’ शीर्षक की इस किताब का लोकार्पण समारोह दरअसल हिमालय की लोक संस्कृति, सभ्यता और पहचान को स्थापित करने के लिए आयोजित एक वृहद उत्सव है। कहा कि अपनी परंपरा, मान्यता और ऐतिहासिक आख्यानों का यह दस्तावेज़ पाठकों को पर्वत-प्रांतर के वास्तविक चरित्र से बख़ूबी परिचित कराता है। लेखक ने अपने बचपन से लेकर वर्तमान तक, लगभग पांच दशक की यात्रा को इस किताब मे बेहद प्रभावी शैली के साथ प्रस्तुत किया है। इसमें पाठक को जहां पहाड़ों के सौंदर्य का मधुरतम रूप देखने को मिलता है, वहीं यहां के संघर्षमय जीवन की स्पष्ट झलक भी नज़र आती है। यही एक लेखक का दायित्व भी है कि वह अपने समय और समाज को साहित्य में बिना किसी पूर्वाग्रह के पूरी प्रामाणिकता से दर्ज करे।

साहित्यकार अमित श्रीवास्तव ने अपने वक्तव्य में इस समय को साहित्य के लिए खास उर्वर बताते हुए कहा कि 90 के दशक के बाद हम लगातार एक संक्रमण काल से गुजर रहे हैं, जिसमें आने वाले समय का नक्शा अभी पूरी तरह उभरा नहीं है और बीता हुआ समय अभी बिल्कुल ताज़ा ज़ख़्म-सा टीस रहा है। ‘भौं कुछ’ इस टीस की आवाज़ है। यह उस नक्शे को टटोलने की कोशिश भी है, जिसके धुंधले अक्स धीरे-धीरे अनफोल्ड हो रहे हैं। इसकी आवाज़ में एक मिठास है और रेखाओं में उजास। ‘भौं कुछ’ की पूरी तरकीब मानव की जिजीविषा की रचनात्मक अभिव्यक्ति है।
शिक्षाविद डॉ. सविता मोहन ने कहा कि मुकेश नौटियाल ने जिस यथार्थ को भोगा है, उसी पर लिखा भी है। यही कारण है कि उनकी कहानियों के दृश्य बेहद जीवंत और भाषा बहुत प्रभावशाली होती है। उनके पाठकों को लगता होगा जैसे वे अपने ही अतीत को किसी स्क्रीन पर देख रहे हैं। ‘भौं कुछ’ भी हमारे अतीत का दस्तावेज़ है। अच्छा होगा अगर इस किताब को स्कूलों तक हमारी नई पीढ़ी के पास पहुंचाया जाए, ताकि उन्हें पता चल सके कि हिमालय के जिस अंचल में वे रह रहे हैं, उसका अतीत कितना विविधतापूर्ण, कितना संघर्षमय और कितना अद्भुत रहा है।
किताब की रचना प्रक्रिया पर बोलते हुए लेखक मुकेश नौटियाल ने कहा कि इस किताब के ज़रिए उन्होंने अपने पर्वतीय समाज के अचीह्ने चेहरों को फिर से याद करने की कोशिश की है। ‘भौं कुछ’ के कंटेंट को किसी एक विधा में नहीं बांधा जा सकता। यहां स्मृतियां हैं, आख्यान हैं, कुछ फ़िक्शन है, थोड़ी कविता है। ऐसे में यह कई विधाओं का मिश्रण है, एक तरह से ‘भौं कुछ’। गढ़वाली में ‘भौं कुछ’ का मतलब होता है—कुछ भी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कथेतर साहित्य का यह नया शिल्प पाठकों को पसंद आएगा।






