
देहरादून, 24 अक्टूबर 2025: धार्मिक स्थल के पास नशा करने की बात पर बुधवार रात कांवली रोड पर माहौल अचानक गर्म हो गया। बात बढ़ी तो दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को पीएसी तैनात करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। पथराव में राहुल नाम का युवक घायल हो गया। कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है, जिस पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि धार्मिक स्थल के समीप कुछ युवक नशा कर रहे थे, जिसका मोहल्लेवासियों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस को देर रात तक इलाके में डटे रहना पड़ा। गुरुवार को भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।



