
फूलों की घाटी पर जारी हुआ विशेष चित्रित पोस्टकार्ड
विश्व धरोहर को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य की डाक विभाग ने यह पहल, चमोली जिले में 87.5 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली हुई है फूलों की घाटी
देहरादून, 29 जुलाई 2026: चमोली जिले में समुद्रतल से 12995 फीट की ऊंचाई पर स्थित फूलों की घाटी को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए डाक विभाग ने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल पर आधारित विशेष चित्रित पोस्टकार्ड जारी किया है। बुधवार को इसका विमोचन घाटी के बेस कैंप घांघरिया में मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल (उत्तराखंड परिमंडल) शशि शालिनी कुजूर ने किया।
मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल ने कहा कि डाक विभाग की यह पहल 87.5 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। चित्रित पोस्टकार्ड के माध्यम से फूलों की घाटी की अनुपम जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचेगा। डाक विभाग का यह विशेष चित्रित पोस्ट कार्ड इस विश्व धरोहर स्थल के प्रचार-प्रसार और संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर एसपीओएस अजय कुमार, रेंज फारेस्ट अधिकारी चेतना कांडपाल, पुलिस चौकी घांघरिया प्रभारी अमनदीप, ईडीसी भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रमेन्द्र सिंह चौहान सहित वन विभाग, डाक विभाग, पुलिस व ईको डेवलपमेंट कमेटी के अधिकारी-कर्मचारी और पर्यटक मौजूद रहे



