
माणा पास एमटीबी चैंलेंज की होगी शुरुआत, बदरीनाथ से माणा तक दौड़ेंगी महिलाएं
तीन दिवसीय माणा पास एमटीबी चैंलेंज प्रतियोगिता के तहत पहली बार आयोजित हो रही महिला व पुरुष वर्ग की बदरीनाथ परिक्रमा रेस, माणा पास एमटीबी चैलेंज
प्रतियोगिता के पांचवें संस्करण को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) से मिली मान्यता
देहरादून, 24 सितंबर 2026: माणा पास एमटीबी चैंलेंज प्रतियोगिता के पांचवें संस्करण को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने प्रधानमंत्री के विजन फिट इंडिया मूवमेंट के संडे आन साइकिल कार्यक्रम से जोड़कर मान्यता प्रदान की है। इससे पूर्व, वर्ष 2024 में प्रतियोगिता को इंडिया बुक आफ रिकार्ड में स्थान मिल चुका है। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता इस बार शुक्रवार से बदरीनाथ धाम में शुरू हो रही है। इसके तहत 27 सितंबर को माणा पास से साइकिल रैली का आयोजन होगा। प्रतियोगिता के लिए 178 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है।
स्की माउंटनेयरिंग एसोसिएशन आफ उतराखंड की ओर से वर्ष 2022 से माणा पास माउंट टेरेन बाइक चैंलेंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस एक
दिवसीय आयोजन को इस बार तीन दिवसीय कर दिया गया है। स्की माउंटनेयरिंग एसोशिएसन आफ उत्तराखंड के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को महिला वर्ग की बदरीनाथ परिक्रमा रेस आयोजित होगी। यह रेस बदरीनाथ के अराइवल प्लाजा से शुरू होगी और बामणी से माणा गांव के तीर्थ स्थलों से होते हुए वापस बदरीनाथ लौटेगी। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती इसे हरी झंडी दिखाएंगे।
26 सितंबर को सुबह पुरुष वर्ग की बदरीनाथ परिक्रमा रेस के साथ माणा पास एमटीबी रेस का मंदिर से विधिवत शुभारंभ होगा। 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर प्रतिभागी अराइवल प्लाजा से 52 किमी माणा पास स्थित देवताल पहुंचकर एमटीबी रेस में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता के लिए सेना, बीएसएफ, आइटीबीपी व सेना की राष्ट्रीय टीम के साथ 10 से अधिक राज्यों के 178 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। वह बदरीनाथ परिक्रमा रेस, साइकिल रेस, मोटर साइकिल रेस व संडे आन साइकिल रेस में हिस्सा लेंगे। फिट रहने के लिए कार्यक्रम में पहली बार माणा पास में समुद्रतल से 18,478 फीट की ऊंचाई पर योग भी किया जाएगा।



