पिथौरागढ़ के भंडारीगांव में घर के आंगन से बच्चे को उठा ले गया गुलदार
Leopard snatches child from house courtyard in Pithoragarh's Bhandarigaon.

पिथौरागढ़ के भंडारीगांव में घर के आंगन से बच्चे को उठा ले गया गुलदार
घर से 200 मीटर दूर गदेरे में मिला बच्चे का क्षत-विक्षत शव, गुलदार के हमले के बाद से भंडारीगांव सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल
देहरादून, 03 अक्टूबर 2026: पिथौरागढ़ में पनार-गंगोलीहाट मोटर मार्ग से लगे भंडारीगांव में शनिवार शाम चार बजे गुलदार आंगन में खेल रहे दस वर्षीय बच्चे को उठा ले गया। एक घंटे बाद बच्चे का क्षत-विक्षत शव घर से लगभग 200 मीटर दूर गदेरे में मिला। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, वन विभाग गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगा रहा है।
जानकारी के अनुसार भंडारीगांव निवासी भगवान राम का दस वर्षीय बेटा रियांशु शनिवार शाम अपने आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने रियांशु पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़ों में दबोचकर घर से नीचे की तरफ दौड़ा। बच्चे की दादी सहित अन्य लोगों ने गुलदार के हमले के बाद शोर मचाया तो आसपास के लोग भी पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे को तलाशना शुरू किया तो करीब पांच बजे गदेरे में रियांशु का शव बरामद हुआ। रियांशु के पिता मजदूरी करते हैँ। परिवार में उनका एक बड़ा बेटा दिव्यांशु है।
वहीं, शाम पांच बजे वन दारोगा देवेंद्र सिंह महरा के नेतृत्व में वन कर्मी मौके पर पहुंचे। साथ ही एसआइ आकिल सिद्दकी ने भी पुलिस कर्मियों के साथ गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। भगत राम का मकान सड़क से सौ मीटर नीचे भंडारीगांव ओर खेतीगांव के मध्य में है। घटना के बाद से भंडारीगांव, खेतीगांव, कोठेरा सहित आसपास के गांवों में दहशत है। ग्राम प्रधान दान सिंह मेहता ने बताया कि 25 सितंबर को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में उन्होंने क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता का मुद्दा उठाते हुए वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।



