उत्तराखंडऑफबीटयातायातशासन

टिहरी झील पर लगे टिपरी-मदननेगी रोपवे का अनुबंध हुआ खत्म, हजारों ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

Contract for the Tipri-Madannegi ropeway at Tehri Lake expires; hardships mount for thousands of villagers.

खबर को सुनें


टिहरी झील पर लगे टिपरी-मदननेगी रोपवे का अनुबंध हुआ खत्म, हजारों ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

टिहरी बांध प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों के लिए वर्ष 2012 से टिपरी-मदननेगी के बीच लगाया गया था रोपवे

देहरादून, 01 सितंबर 2026: टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के रैका, धारमंडल, ढुंग-मंदार, मदननेगी सहित आसपास के क्षेत्रों के आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा सोमवार शाम बंद हो गई। दरअसल, अनुबंध की अवधि पूरी होने के बाद सिडकुल के अधीन बीएम एंटरप्राइजेज ने रोपवे का संचालन बंद कर दिया। इससे बांध प्रभावित क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है।

सिडकुल की ओर से टिहरी बांध प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए वर्ष 2012 से टिपरी-मदननेगी रोपवे का संचालन किया जा रहा है। इसका अनुबंध सितंबर 2025 में समाप्त हो गया था। इसके बाद विधायक विक्रम नेगी और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की पहल पर पहले छह माह और फिर 31 अगस्त तक के लिए रोपवे संचालन की अवधि बढ़ाई गई। लेकिन, निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद सोमवार शाम रोपवे का संचालन बंद कर दिया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने बताया कि सिडकुल के अधीन बीएम एंटरप्राइजेज ने सोमवार शाम से रोपवे का संचालन बंद कर दिया है। रोपवे संचालक योगेश डोभाल ने सिडकुल और जिलाधिकारी टिहरी को पत्र भेजकर इसके संचालन की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग या किसी अन्य सक्षम एजेंसी को देने का सुझाव दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि टिहरी बांध से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है। ऐसे में बांध प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के आवागमन के लिए संचालित इस महत्वपूर्ण सेवा को नियमित एवं निर्बाध रूप से चलाया जाना चाहिए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने भी जनहित को देखते हुए रोपवे सेवा तत्काल बहाल करने की मांग की है। विधायक विक्रम नेगी ने बताया कि इस संबंध में शासन और सिडकुल के स्तर पर वार्ता चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसी सक्षम एजेंसी को रोपवे संचालन की जिम्मेदारी देनी चाहिए, ताकि बांध प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की सुविधा लगातार मिलती रहे।

जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि रोपवे का संचालन सिडकुल की ओर से किया जा रहा है। 31 अगस्त तक सेवा संचालन का विस्तार किया गया था। अब इसके लिए नया टेंडर निकाला जा रहा है। उम्मीद है कि सिडकुल जल्द इस संबंध में कार्रवाई करेगा। इस संबंध में शासन और सिडकुल को पत्र भी भेजा गया है, ताकि रोपवे सेवा जल्द से जल्द बहाल हो सके।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button