
निम के दल ने माउंट कुन चोटी के बाद अब डेल्टा-41 व नून चोटी का भी किया सफल आरोहण
इसी वर्ष जुलाई में लद्दाख की माउंट नून-कुन चोटी के आरोहण को रवाना हुआ था निम का 14 सदस्यीय दल, 26 अगस्त को माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को माउंट नून चोटी पर लहराया तिरंगा
देहरादून, 01 सितंबर 2026: नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के दल ने माउंट कुन चोटी के बाद अब माउंट डेल्टा-41 और नून चोटी का भी सफल आरोहण किया है। लद्दाख स्थित माउंट नून-कुन चोटी के आरोहण को जुलाई में निम का दल रवाना हुआ था। दल ने बीते 15 अगस्त को माउंट कुन चोटी का सफल आरोहण किया था।
निम के प्रधानाचार्य कर्नल एसएस राजपुरोहित के नेतृत्व में बीती 28 जुलाई को संस्थान का 14 सदस्यीय दल 7,135 मीटर ऊंची नून और 7,077 मीटर ऊंची कुन चोटी के आरोहण को रवाना हुआ था। पांच अगस्त को यह दल अभियान के पहले चरण में जम्मू-कश्मीर स्थित सोनमर्ग पहुंचा। यहां दल ने पर्वतारोहण अभियान के लिए आवश्यक अनुकूलन को पूरा किया और फिर अपने लक्ष्य के अनुसार 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी का सफल आरोहण किया। इसके बाद दल ने 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 चोटी और फिर 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नून चोटी का सफलतापूर्वक आरोहण कर उन पर तिरंगा लहराया।
निम प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि संस्थान के लिए गौरव के साथ टीम के साहस, दृढ़ संकल्प, अनुशासन एवं उत्कृष्ट पर्वतारोहण कौशल का प्रमाण है। अभियान
के दौरान टीम ने चुनौतीपूर्ण पर्वतीय परिस्थितियों का सामना करते हुए अदम्य साहस, उत्कृष्ट टीम भावना, धैर्य और प्रतिबद्धता का परिचय दिया। माउंट नून के आरोहण में प्रधानाचार्य कर्नल एसएस राजपुरोहित के साथ सूबेदार भूपिंदर सिंह, सौरव रौतेला, सिपाही तबोंग टागा, रविंद्र रावत, सूर्य रावत व अंशुल गलता शामिल रहे।



