अतिवृष्टिआपदाउत्तराखंडऑफबीटदुर्घटनाराष्ट्रीय

कोल्हू नदी में उफान में बही बाइक, मां-बच्ची की मौत

Bike swept away in swollen Kolhu River; mother and child die.

खबर को सुनें


कोल्हू नदी में उफान में बही बाइक, मां-बच्ची की मौत

मंगलवार दोपहर सनेह क्षेत्र में हुआ हादसा, बिजनौर जनपद के ग्राम कोटकादार से कोटद्वार की ओर आ रहा था गुर्जर परिवार

देहरादून, 01 सितंबर 2026: उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली सीमा पर सनेह क्षेत्र में कोल्हू नदी पार करते समय मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी और उनकी एक वर्षीय बच्ची उफान में बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह पति को तो बचा लिया, लेकिन मां और मासूम बच्ची की डूबने से मौत हो गई। 

घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की है। सिगड्डी क्षेत्र के जंगल में रहने वाला वन गुर्जर सद्दाम, पत्नी जेनम (23 वर्ष) व एक वर्षीय पुत्री शहजादी उर्फ आफिया के साथ बिजनौर जनपद (उत्तर प्रदेश) के ग्राम कोटकादार में अपनी बहन से मिलने गया हुआ था। वापसी के दौरान दोपहर करीब दो बजे वह कोल्हू नदी के समीप पहुंचा तो नदी उफान पर थी। सद्दाम ने अपनी मोटरसाइकिल किनारे पर खड़ी की और नदी का उफान थमने इंतजार करने लगा। इसी बीच एक अन्य अन्य मोटरसाइकिल सवार नदी पार कर दूसरे छोर पर पहुंच गया। 

यह देख सद्दाम को भी लगा कि वह नदी पार कर लेंगे। उन्होंने पत्नी व बच्ची को मोटरसाइकिल पर बैठाया और नदी पार करने लगे। इसी दौरान बीच नदी में अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और तीनों पानी के तेज बहाव में बह गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने सद्दाम को तो नदी से बाहर निकाल दिया, लेकिन सद्दाम की पत्नी जेनम व एक वर्षीय बेटी शहजादी बहते हुए काफी दूर चले गए। सूचना पाते ही सद्दाम की बहन के गांव कोटकादार से भी लोग मौके पर पहुंच गए थे। करीब एक घंटे तक तलाशी अभियान चलाने के बाद लोगों को घटनास्थल से एक किमी दूर मां व बेटी के शव बरामद हुए। 

बाल-बाल बची एसडीआरएफ की टीम 

उत्तरप्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर स्थित कोल्हू नदी में पुल का निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन आज तक इस पर कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में नदी पार करने में जोखिम बना रहता है। मंगलवार को घटना की सूचना मिलने के बाद जब एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तो उसे नदी पार करने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली का सहारा लेना पड़ा। लेकिन, जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली नदी के बीचोंबीच पहुंची तो अचानक एक गड्ढे के चपेट में आ गई। वह तो किसी तरह चालक ने टैक्टर-ट्राली को नदी के बीच से निकाल लिया, अन्यथा अनहोनी घट सकती थी।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button