कार्तिक संक्रांति पर बदरीनाथ धाम में रही नारद उत्सव की धूम
Narad Utsav celebrated with great fervor at Badrinath Dham on Kartik Sankranti

कार्तिक संक्रांति पर बदरीनाथ धाम में रही नारद उत्सव की धूम

परंपरा के अनुसार बदरीनाथ मंदिर परिसर, नारद कुंड और नारद शिला के निकट हुई पूजा-अर्चना, धाम के रावल समेत मंदिर समिति व डिमरी केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारी हुए पूजा में शामिल
देहरादून, 17 अक्टूबर 2026: बदरीनाथ धाम में कार्तिक संक्रांति पर नारद उत्सव की धूम रही। इस मौके पर श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत और श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से मंदिर परिसर, नारद कुंड और नारद शिला में पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक अनुष्ठानों में मंदिर के रावल समेत मंदिर समिति और डिमरी केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारी शामिल हुए।
नारद उत्सव की शुरुआत बदरीनाथ मंदिर परिसर में गणेश और कलश पूजा के साथ हुई। इसके बाद अलकनंदा नदी के तट से शुरू हुई जल कलश यात्रा मंदिर परिसर होते हुए नारद कुंड पहुंची, जहां धाम के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने नारद कुंड को साक्षी मानकर पूजा-अर्चना की। धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठी डा. रवींद्र भट्ट ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए और फिर तप्त कुंड के निकट देवर्षि नारद का अभिषेक किया गया। मान्यता है कि भगवान बदरी विशाल की पूजा का जिम्मा छह माह मनुष्य और छह माह देवर्षि नारद संभालते हैं। इसीलिए कार्तिक संक्रांति पर धाम में नारद उत्सव का आयोजन होता है।
मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने डिमरी पंचायत के प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि विजयदशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि घोषित की जाएगी। कार्यक्रम में स्वामी धरणीधर, बदरीश पंडा पंचायत के अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, उपाध्यक्ष सुधाकर डिमरी, डिमरी पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, उपाध्यक्ष भास्कर डिमरी, महामंत्री भगवती डिमरी, श्रीराम डिमरी, पंकज डिमरी, विपुल डिमरी, प्रोटोकाल अधिकारी राकेश सेमवाल, अतुल डिमरी, तीर्थ पुरोहित अशोक टोडरिया, अमित पंवार, हरीश जोशी आदि मौजूद रहे।



