
अब 2038 में होगा नंदा देवी बड़ी जात का आयोजन

इस साल पांच से 23 सितंबर तक आयोजित हुई मां नंदा देवी बड़ी जात, पूरी यात्रा में 1.5 लाख श्रद्धालु हुए शामिल, 18 पड़ावों से होकर गुजरी 280 किमी की यह पैदल धार्मिक यात्रा, वर्ष 2032 में सप्तकुंड में होगा अर्ध लोकजात का आयोजन
देहरादून, 05 अक्टूबर 2026 : उत्तराखंड के चमोली जिले में बारह साल बाद आयोजित मां नंदा देवी बड़ी जात उल्लास के साथ संपन्न हो चुकी है। इस वर्ष पांच से 23 सितंबर तक एशिया की इस सबसे बड़ी पैदल धार्मिक यात्रा का आयोजन हुआ। नंदा देवी सिद्धपीठ कुरुड़ से शुरू हुई 280 किमी की यह यात्रा 18 पड़ावों से होकर गुजरी, जिनमें पांच निर्जन पड़ाव भी शामिल हैं। इस पूरी यात्रा में 1.5 लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। बेदनी बुग्याल में ही 20 हजार से अधिक श्रद्धालु यात्रा का हिस्सा बने, जबकि होमकुंड में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लोकदेवी नंदा को कैलास के लिए विदाई दी। अब अगली बड़ी जात का आयोजन बारह साल बाद 2038 में होगा।
श्री नंदा देवी बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेन्द्र सिंह रावत (सेनि) और महासचिव अशोक कुमार गौड़ ने अस्थायी राजधानी देहरादून में पत्रकारों से यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बड़ी जात का यह आयोजन पूरी तरह क्षेत्र के ग्रामीणों और आयोजन समिति के सहयोग से हुआ। उन्होंने न केवल कठिन-दुर्गम रास्तों व नदी-नालों में श्रद्धालुओं को पार कराया, बल्कि उनके खाने-ठहरने की व्यवस्था भी की। बताया कि परंपरा के अनुसार अगले साल चमोली जिले में मां नंदा देवी की वार्षिक लोकजात का आयोजन किया जाएगा, जबकि वर्ष 2032 में सप्तकुंड में अर्ध लोकजात आयोजित होगी। इसके बाद वर्ष 2038 में धूमधाम से नंदा देवी बड़ी जात का आयोजन किया जाएगा।




