अंतरराष्ट्रीयअध्यात्मउत्तराखंडऑफबीटखगोल-भूगोलचारधाम यात्रातीर्थाटनपर्यटनराष्ट्रीय

बाबा तुंगनाथ के दर्शन को पहुंच रहे प्रतिदिन एक हजार से ज्यादा श्रद्धालु

More than a thousand devotees are reaching Baba Tungnath every day for darshan

खबर को सुनें


बाबा तुंगनाथ के दर्शन को पहुंच रहे प्रतिदिन एक हजार से ज्यादा श्रद्धालु

94 दिन में 1.24 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं बाबा तुंगनाथ के दर्शन, देश में सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थित शिव का धाम है तुंगनाथ, तीर्थाटन बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका को भी मिली मजबूती

देहरादून, 24 जुलाई 2026 : पंचकेदार में तृतीय तुंगनाथ धाम के दर्शन को इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। अब तक एक लाख 24 हजार 676 श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में सर्वाधिक है। विशेष यह कि विदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु व पर्यटक तुंगनाथ धाम पहुंच रहे हैं।

रुद्रप्रयाग जिले में समुद्रतल से 12073 फीट की ऊंचाई पर स्थित तुंगनाथ धाम श्रद्धालु एवं पर्यटकों को खासा आकर्षित करता है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर चोपता घाटी, हिमालय की मनोरम चोटियां, शांत वातावरण और आध्यात्मिक अनुभूति इस यात्रा को यादगार बना देते हैं। इस बार धाम के कपाट 22 अप्रैल को खोले गए थे। तब से अब तक औसतन 1326 श्रद्धालु प्रतिदिन तुंगनाथ धाम पहुंच रहे हैं। जबकि, धाम समेत पैदल मार्ग पर यात्री सुविधाओं का घोर अभाव है।

तुंगनाथ धाम के प्रबंधक प्रकाश पुरोहित बताते हैं कि अब तक 64 हजार 393 पुरुष, 53 हजार 290 महिलाएं, 6,765 नौनिहाल, 159 साधु-संत और 69 विदेशी श्रद्धालु बाबा तुंगनाथ के दर्शन कर चुके हैं। मंदिर समिति के चन्द्रमोहन बजवाल बताते हैं कि चोपता से सीधे चंद्रशिला जाने वाले पर्यटकों का विवरण मंदिर समिति के रिकार्ड में शामिल नहीं किया जाता। यदि इन पर्यटकों की संख्या भी रिकार्ड में जोड़ दी जाए तो तुंगनाथ क्षेत्र में पहुंचने वाले लोगों का वास्तविक आंकड़ा कहीं अधिक होगा।

जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्वाण कहती हैं कि श्रद्धालुओं की रिकार्ड संख्या इस बात का प्रमाण है कि तुंगनाथ धाम देश-दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। कहा कि मौसम अनुकूल होने पर आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका को भी मजबूती मिलेगी। बता दें कि चोपता, बणियाकुंड, दुगलबिट्टा और आसपास के क्षेत्रों के होटल, होमस्टे, भोजनालय, टैक्सी संचालक, घोड़ा-खच्चर व्यवसायी और स्थानीय दुकानदारों को इस वर्ष यात्रा से बेहतर कारोबार मिला है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button