बिलासपुर, 7 अक्टूबर 2025: मानसून भले ही विदा हो गया हो, लेकिन पहाड़ों में उसका कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब मरोतन से घुमारवीं जा रही निजी बस पर अचानक पहाड़ से भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का मलबा आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से बस की छत उखड़कर खड्ड के किनारे जा गिरी और पलभर में बस मौत के मलबे में तब्दील हो गई। बस से देर रात तक 18 शव बरामद किए जा चुके थे, जबकि दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

बस में थे 35 यात्री
बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे में चालक और परिचालक की भी मौत हो चुकी है। घटना शाम करीब साढ़े छह बजे बरठीं क्षेत्र के भल्लू पुल के पास हुई, जब अचानक पहाड़ी दरक गई और सारा मलबा बस पर जा गिरा। राहत और बचाव कार्य जारी है।
पीएम और सीएम ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी घटना पर दुख जताया और जिला प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।



