पम्पापुर की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन, दशहरा मेला में झूम उठा बिहार
देहरादून, 6 अक्टूबर 2025: उन्नाव जिले की तहसील बीघापुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिहार में इस वर्ष का विजयदशमी मेला परंपरा, संस्कृति और संवेदना का अद्भुत संगम बना। जहां एक ओर मंच पर पम्पापुर कमेटी की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं तीसरे दिन आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भावनात्मक दृश्य देखने को मिले।

गुरुवार को विजयदशमी पर्व पर सुबह से ही मेला मैदान में रौनक रही। बच्चे झूलों और खिलौनों की दुकानों पर जुटे रहे, तो महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना में लीन रहीं। शाम को रावण दहन और आतिशबाजी ने मन मोह लिया। अगले दिन पम्पापुर कमेटी की ओर से प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने ग्रामीणों का खूब मनोरंजन किया। दर्शकों की तालियों और जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा।

इसी क्रम में मेला आयोजन के तीसरे दिन का माहौल भावनाओं से भर गया, जब बाबा गौरीशंकर युवा जनकल्याण समिति की ओर से अपने तीन दिवंगत साथियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राहुल सिंह, संतोष कुमार उर्फ पम्मू बाजपेई और समाजसेवी एवं समिति संरक्षक कमल सिंह चौधरी के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। समिति की ओर से परिजनों को अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया, जिसके दौरान कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

इस अवसर पर अंकित परिहार और पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजकुमार सिंह ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि समिति ने अपने समर्पित साथियों को खो दिया है, जिनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। उनके योगदान को समाज और समिति के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष सुरेश कुमार मिश्रा, ऋषि त्रिवेदी, प्रेम वर्मा, विजय वर्मा, संजय सिंह, राकेश सिंह गोलू, अतुल पटेल, मोहम्मद निहाल, अजय मिश्रा, कान्हा मिश्रा, शीबू खान, रजोली मिश्रा, लाल शुक्ला सहित अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



