होटल की फायर एनओसी के लिए मांगी 20 हजार की रिश्वत, छह हजार लेते अधिकारी गिरफ्तार
लैंसडाउन के होटल की एनओसी जारी करने के एवज में मांगी थी रकम, कोटद्वार फायर स्टेशन में तैनात था आरोपी

कोटद्वार, 5 नवंबर 2026। उत्तराखंड में विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोटद्वार फायर स्टेशन में तैनात प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित एक होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने बुधवार, चार नवंबर को यह कार्रवाई की।
सतर्कता विभाग के अनुसार, शिकायतकर्ता ने लैंसडाउन स्थित अपने होटल की फायर एनओसी के लिए अग्निशमन विभाग से संपर्क किया था। आरोप है कि इस दौरान कोटद्वार फायर स्टेशन में तैनात प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी (लीडिंग फायरमैन) ने एनओसी जारी करने के बदले 20 हजार रुपये की मांग की।
रिश्वत मांगे जाने पर शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग में इसकी शिकायत की। इसके बाद सतर्कता सेक्टर देहरादून ने मामले की गोपनीय जांच कराई। शिकायत सही पाए जाने पर विजिलेंस ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई और थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया।
बुधवार को विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाकर शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये लेते हुए भूपेश त्यागी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई।



