दुखद… 1971 की जंग के वीर योद्धा का निधन

पिथौरागढ़, 27 अक्टूबर 2025: वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में अपनी बहादुरी का लोहा मनवाने वाले पूर्व सैनिक गोविंद सिंह खनका (76 वर्ष) का शनिवार रात हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने गुरना के इग्यारदेवी स्थित आवास में अंतिम सांस ली।
वर्ष 1949 में जन्मे गोविंद सिंह वर्ष 1970 में भारतीय सेना की आर्मी सप्लाई कोर में भर्ती हुए थे। भर्ती के अगले ही वर्ष उन्होंने वर्ष 1971 की जंग में देश की ओर से सक्रिय भूमिका निभाई। अपने सैन्य जीवन में उन्होंने लेह, पंजाब, नॉर्थ ईस्ट, असम और जम्मू-कश्मीर जैसे दुर्गम इलाकों में सेवाएं दीं।
अपनी असाधारण तकनीकी दक्षता और समर्पण के कारण उन्हें सेना में ‘हैवी व्हीकल का हीरो’ कहा जाता था। वे आर्मी हैवी व्हीकल कोर्स क्वालीफाइड थे और इस क्षेत्र में अनेक जवानों को प्रशिक्षण भी दिया। रविवार को पूर्व सैनिक संगठन की ओर से उन्हें सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। कैप्टन उमेश फुलेरा के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और तिरंगा समर्पित करते हुए अपने साथी को अंतिम सलामी दी।



