
शीतकालीन खेलों में उत्तराखंड ने जीता पहला स्वर्ण, हिमाचल अब भी सबसे आगे
औली में चल रही नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन पुरुष वर्ग की स्की माउंटेनियरिंग (वर्टिकल) में उत्तराखंड के शार्दुल ने जीता स्वर्ण और हिमांशु कवाण को मिला कांस्य पदक
महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने किया क्लीन स्वीप, महिला स्नो बोर्ड में भी हिमाचल की टीम ने ही लहराया परचम, सलालम पुरुष वर्ग में सेना ने जमाया तीनों पदक पर कब्जा

देहरादून, 15 फरवरी 2026: विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा केंद्र औली में चल रही चार दिवसीय नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन नंदा देवी स्लोप एवं 10 नंबर टावर के पास पुराने चुनौतीपूर्ण ट्रेक पर देशभर से आए स्कीयर्स ने तकनीक और खेल भावना का अद्वितीय प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रविवार को हिमाचल प्रदेश व सेना के खिलाड़ियों का दबदबा रहा, जबकि साहसिक खेल में उत्तराखंड ने एक स्वर्ण समेत दो पदक जीतकर अपना परचम लहराया। यह उत्तराखंड का मिला पहला स्वर्ण पदक है।

नंदा देवी स्की स्लोप पर सुबह आठ बजे से शुरू हुई स्पर्धाओं के सलालम पुरुष वर्ग में सेना के मयंक पंवार ने स्वर्ण, सेना (ग्रीन) के देवेंद्र गुरंग ने रजत और सेना (रेड) के आशिफ अजीज जरगर ने कांस्य पदक जीता। महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने क्लीन स्वीप करते हुए आंचल ठाकुर ने स्वर्ण, तनुजा ठाकुर ने रजत व प्रोमिला ठाकुर ने कांस्य पदक कब्जाया। स्नो बोर्ड पुरुष वर्ग में जम्मू-कश्मीर के बाकिर अहमद लोन ने स्वर्ण व जुबेर अहमद लोन ने रजत और सेना के विवेक राणा ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला स्नो बोर्ड स्पर्धा में भी हिमाचल का जलवा रहा। हिमाचल की प्रकृति ठाकुर, प्रीति ठाकुर व दीपिका ठाकुर ने क्रमशः स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक अपने नाम किए।

साहसिक खेलों में उत्तराखंड की धमक दिखाई दी। दस नंबर टावर के पास पुराने स्की स्लोप पर आयोजित स्की माउंटेनियरिंग (वर्टिकल) पुरुष वर्ग में उत्तराखंड के शार्दुल थपलियाल ने उत्तराखंड की झोली में पहला स्वर्ण पदक
डाला, जबकि सेना के राजेश्वर सिंह को रजत व उत्तराखंड के ही हिमांशु कवाण को कांस्य पदक मिला। महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश की नताशा महर ने स्वर्ण, महाराष्ट्र की काम्या कार्तिकेयन ने रजत और हिमाचल की साक्षी ठाकुर ने कांस्य पदक कब्जाया।
स्थानीय स्पर्धाओं में कड़ा मुकाबला
स्थानीय स्पर्धाओं में भी रविवार को कड़ा मुकाबला देखने को मिला। लोकल ट्यूब रेस में हिमांशु, मुन्ना कुंवर व संजय बिष्ट ने बाजी मारी। स्नो स्विंग (प्रथम रेस) में आशीष भंडारी, वसीम अहमद लोन व रजत शर्मा और द्वितीय रेस में आइटीबीपी के राजेश पहले, सचिन कवाण दूसरे व हिमांशु कवाण तीसरे स्थान पर रहे।



