‘या अली’ गाने वाले जुबीन की सिंगापुर में मौत, संगीत जगत में शोक
स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए हादसे का शिकार

देहरादून, 20 सितंबर 2025। असम के लोकप्रिय गायक और संगीतकार जुबीन गर्ग की सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक हादसे में मौत हो गई। वह 52 वर्ष के थे। जुबीन ने इमरान हाशमी और कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘गैंगस्टर’ का ‘या अली’ गाना गाकर देश-दुनिया में ख्याति हासिल की थी। बताया जा रहा है कि सिंगापुर पुलिस ने उन्हें समुद्र से बचाया और पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। इस हादसे से पूरा संगीत जगत शोक में डूब गया है।
जुबीन सिंगापुर में आयोजित नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में उनकी प्रस्तुति भी निर्धारित थी। ‘या अली’ गाने की अपार लोकप्रियता के बाद जुबीन संगीत प्रेमियों के बीच छा गए थे। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर संगीत प्रेमी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
18 नवंबर 1972 को असम के जोरहाट में जन्मे जुबीन निर्देशक और अभिनेता भी थे। उन्होंने लगभग 40 भाषाओं और बोलियों में गाने गाए और करीब 12 वाद्ययंत्र बजाना जानते थे।
सम्मान और पुरस्कार
जुबीन गर्ग को नेशनल फिल्म अवार्ड, फिल्मफेयर अवार्ड सहित कई बड़े सम्मान मिले। 2024 में उन्हें डॉक्टर ऑफ लिटरेचर (D.Litt.) की मानद उपाधि भी दी गई थी।



