
देहरादून, 18 अक्टूबर: सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। अब प्रदेश के सभी जिलों में खेल विभाग अग्निवीर भर्ती की तैयारी कराने की जिम्मेदारी संभालेगा। युवाओं को रनिंग, पुश-अप, स्क्वैट्स जैसा बुनियादी शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शुक्रवार को देहरादून के यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में हुई बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालयों में मौजूद खेल सुविधाएं, स्टेडियम और उपकरण अब सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उपलब्ध रहेंगे।
फ्री में ट्रेनिंग सुविधा
खेल मंत्री ने बताया कि इस सुविधा के लिए युवाओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। जो भी युवा सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा है, वह नजदीकी खेल स्टेडियम में जाकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेगा।
विशेष प्रशिक्षकों की होगी नियुक्ति
मंत्री ने कहा कि फिलहाल विभाग के मौजूदा प्रशिक्षक युवाओं को ट्रेनिंग देंगे। भविष्य में इस कार्य के लिए विशेष प्रशिक्षकों की नियुक्ति और मानव संसाधन बढ़ाने की योजना है।
एकता मार्च और युवा महोत्सव की तैयारी की भी समीक्षा
बैठक में 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर निकाले जाने वाले एकता मार्च और सभी जनपदों में आयोजित होने वाली पदयात्राओं की तैयारी की समीक्षा भी की गई। रेखा आर्या ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह के तहत एक युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। बैठक में विशेष खेल प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश ममगाई, उपनिदेशक जयराज और शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



