
देहरादून, 31 अक्टूबर 2025: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और पार्किंग समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन देहरादून ने एक नई पहल शुरू की है। प्रशासन ने ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधा के साथ ‘फ्री सखी कैब’ सेवा की शुरुआत की है।
इस योजना के तहत जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को दो नई ईवी टाटा पंच गाड़ियां आवंटित की गई हैं, जो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले लोगों को नजदीकी भीड़भाड़ वाले स्थानों तक निःशुल्क लाने और ले जाने की सुविधा प्रदान कर रही हैं।
जल्द ही इस बेड़े में छह अतिरिक्त ईवी वाहन जोड़े जाएंगे। यह सेवा पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर संचालित की जा रही है।
सुदृढ़ हो रही पार्किंग व्यवस्था
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी सविन बंसल ने शहर को ट्रैफिक जाम से राहत देने और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन नई ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधाओं का निर्माण करवाया है।
- परेड ग्राउंड पार्किंग: 111 वाहनों की क्षमता
- तिब्बती मार्केट पार्किंग: 132 वाहनों की क्षमता
- कोरोनेशन पार्किंग: 18 वाहनों की क्षमता
कुल 261 वाहनों की क्षमता वाली ये तीनों पार्किंग सुविधाएं जल्द ही मुख्यमंत्री धामी द्वारा जनता को समर्पित की जाएंगी।
5 किमी दायरे में फ्री ‘सखी कैब’ शटल सेवा
फ्री ‘सखी कैब’ सेवा के तहत घंटाघर, गांधी पार्क, सुभाष रोड और परेड ग्राउंड के आसपास 5 किलोमीटर के दायरे में निःशुल्क शटल सुविधा दी जा रही है। इस सेवा से पार्किंग से अपने गंतव्य तक पहुंचना अब आसान और सुरक्षित हो गया है।
अनधिकृत पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन और पुलिस ने चेतावनी दी है कि शहर की सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पिछले एक माह से एक समर्पित क्रेन टीम भी तैनात की गई है, जो अनधिकृत पार्किंग करने वालों पर तुरंत कार्रवाई करेगी।
महिलाओं को आजीविका का नया अवसर
वर्तमान में परेड ग्राउंड पार्किंग का संचालन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत गठित कृष्णा स्वयं सहायता समूह, विकासनगर द्वारा किया जा रहा है। इस पहल से न केवल शहरवासियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि महिला स्वयं सहायता समूहों को भी रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्राप्त होंगे।



