
राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगल में मिला हथिनी का शव, पहाड़ी से गिरने की जताई जा रही आशंका
देहरादून, 21 अक्टूबर 2026: हरिद्वार की बिल्वकेश्वर कालोनी के पास राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगल में बुधवार सुबह हथिनी का शव मिलने से वन विभाग में
हड़कंप मच गया। हथिनी की उम्र 12 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी से गिरकर हथिनी की मौत हुई है। उधर,पोस्टमार्टम के बाद शव को जंगल में दफना दिया गया।
वनकर्मी बुधवार सुबह गश्त पर निकले थे, तभी पहाड़ी के नीचे पड़ा हथिनी का शव उन्हें नजर आया। टीम ने मौके पर ही पशु चिकित्सक से हथिनी का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव को जंगल में ही दफना दिया गया। राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज की रेंजर आभा रतूड़ी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पहाड़ी से गिरने के कारण हथिनी की मौत होने की आशंका है। शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।



