
सस्ते iPhone का ऑफर आए तो सावधान… यहां हो चुकी करोड़ों की ठगी
नई टिहरी, 5 अक्टूबर: अगर कोई आपको कस्टम से जब्त सस्ते iPhone बेचने का ऑफर दे तो सावधान हो जाइए। टिहरी पुलिस ने ऐसे एक हाईटेक गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो देशभर में ऑनलाइन iPhone बेचने का झांसा देकर लोगों को चूना लगा रहा था। पुलिस ने तीन ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके तीन साथी फरार हैं। यह गिरोह टिहरी जिले के तपोवन क्षेत्र में एक आलीशान फ्लैट से अवैध कॉल सेंटर चला रहा था, जहां से हर रोज सैकड़ों लोगों को सस्ते iPhone के लालच में फंसाया जाता था। लोग पैसे भेज देते, लेकिन फोन कभी नहीं आता।
प्रतिबिंब पोर्टल से मिला सुराग
एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रतिबिंब पोर्टल से कुछ मोबाइल नंबरों की संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। जांच में इन नंबरों की लोकेशन ग्रीन गंगा अपार्टमेंट, तपोवन में मिली। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने फ्लैट नंबर बी-3 पर छापा मारा और वहां चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया।
ये तीन आरोपित गिरफ्तार
अवि तनेजा उर्फ अर्जुन निवासी यमुनानगर (हरियाणा), नितीश सिंह निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) और विजय निवासी यमुनानगर (हरियाणा)
ये हैं फरार
अमन चौहान (हरिद्वार), अनिरुद्ध गोस्वामी (हरियाणा) और संदीप (हरियाणा)
हाईटेक ठगी का तरीका
गिरोह पुलिस की नजरों से बचने के लिए बेहद चालाकी से काम करता था। वे सीधे बैंक खातों में पैसा नहीं लेते थे, बल्कि ऑनलाइन बेटिंग एप 99EXCH.COM (BETING) के जरिये लेनदेन करते थे।
देशभर में शिकायतें
अब तक देशभर में इस गिरोह के खिलाफ 36 से अधिक शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। दिल्ली साइबर क्राइम थाने में 28 लाख रुपये की ठगी का केस दर्ज है। पुलिस ने मौके से नौ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दर्जनों एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड बरामद किए हैं।



