

ऋषिकेश, 30 सितंबर 2025ः एम्स ऋषिकेश के पास अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और नगर निगम की टीम पर मंगलवार को कुछ अतिक्रमणकारियों ने गर्म कढ़ी-राजमा फेंक दी। हंगामे और विरोध के बीच पुलिस ने चार महिलाओं व एक युवक को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
एम्स के पास शिवाजी नगर तिराहे पर लंबे समय से ठेली-रेहड़ी और अस्थायी दुकानों का कब्जा बना हुआ है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब टीम कार्रवाई के लिए पहुंची तो अतिक्रमणकारी उग्र हो गए। महिलाओं ने जेसीबी के आगे लेटकर कार्रवाई रोकने का प्रयास किया और एक महिला ने चालक पर पत्थर उठाकर फेंकने की कोशिश की। इसी दौरान कुछ लोगों ने ठेलियों पर रखे गर्म कढ़ी-राजमा को टीम पर फेंकना शुरू कर दिया। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से झुलसा नहीं।
विरोध के बावजूद प्रशासन पीछे नहीं हटा। पुलिस ने मौके पर सख्ती दिखाते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया और कार्रवाई जारी रखी। इसके बाद 20 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



