आवारा कुत्ते ने दो साल की बच्ची को नोच डाला… बचाने आए दुकानदार पर भी हमला

देहरादून, 8 अक्टूबर 2025: राजधानी देहरादून के रायवाला क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को यहां हनुमान चौक के पास घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची को आवारा कुत्ते ने नोच डाला। मासूम की चीखें सुनकर मदद को पहुंचे दुकानदार राकेश पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। क्षेत्र में कुत्तों के हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले महीने भी प्रतीतनगर में आवारा कुत्तों ने बच्ची समेत छह लोगों को काटकर घायल कर दिया था।
रायवाला में आवारा कुत्ते अब राहगीरों के लिए खौफ बन चुके हैं। कभी बच्चों को निशाना बना रहे हैं, तो कभी बाइक सवारों पर झपट पड़ते हैं। स्थानीय लोग कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्राम पंचायत क्षेत्र में कुत्तों को पकड़ने की कोई व्यवस्था नहीं है। यही नहीं, कुत्ते के काटने पर ग्रामीणों को रेबीज के इंजेक्शन के लिए 14 किलोमीटर दूर ऋषिकेश अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती है।



