10 हजार रुपये रिश्वत लेते महिला एएसआई गिरफ्तार…हरिद्वार के इस थाने का है मामला
दूसरे पक्ष से चल रहे लेन-देन के विवाद में समझौता कराने के नाम पर मांगी थी रकम, शिकायत के बाद सतर्कता विभाग ने जाल बिछाकर की कार्रवाई

देहरादून। हरिद्वार के रानीपुर थाने में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सोनिया को सतर्कता विभाग की टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी दूसरे पक्ष के साथ चल रहे लेन-देन के विवाद में समझौता कराने और मामला निपटाने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत मांग रही थी। शनिवार को शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता विभाग के अनुसार, टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत मिली थी कि एएसआई सोनिया विवाद में शिकायतकर्ता के पक्ष में मामला निपटाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जांच की। इसमें रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून ने ट्रैप टीम गठित की।
शनिवार को टीम ने जाल बिछाकर महिला एएसआई को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता विभाग के मुताबिक, मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता विभाग ने नागरिकों से सरकारी कामकाज में रिश्वत मांगे जाने पर टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।



